मक्का खेत में मिला विवाहिता का शव, विधायक बोले—दोषियों को मिले सख्त सजा
किशनगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत एक गांव में विवाहिता की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को गोपाल अग्रवाल, ठाकुरगंज विधायक, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया जाता है कि बुधवार देर रात मक्का के खेत से विवाहिता का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद विधायक गोपाल अग्रवाल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जघन्य तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी नजर पूरे मामले पर बनी हुई है और दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई इस तरह की घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।
विधायक ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा मुकदमा लड़ने का पूरा खर्च प्रशासन द्वारा उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा। इस दौरान विधायक ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि जहां-जहां घुसपैठियों ने जमीन पर कब्जा कर रखा है, उसे खाली कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उठाने के कारण उनकी हत्या का प्रयास भी किया जा सकता है, लेकिन उन्होंने सिर पर कफन बांध लिया है और वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस द्वारा जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह