विधायक ने 6.71 करोड़ की लागत से बनने वाले सड़क का किया शिलान्यास
अररिया, 05 मई(हि.स.)। जिले के फारबिसगंज कोठीहाट चौक से सदर रोड तक 6 करोड़ 71 लाख 69 हजार रूपये की लागत से बनने वाले 1.350 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य के आरम्भ का विधायक मनोज विश्वास ने मंगलवार को आधारशिला रखी।
पथ निर्माण विभाग की ओर से सिलीगुड़ी की निर्माण कार्य एजेंसी कैमेक इंजिनियर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सड़क का निर्माण कार्य किया जाना है,जिसे 23 जून 2026 तक कार्य समाप्ति करने का लक्ष्य निर्धारित है। फारबिसगंज कोटिहाट चौक से सदर रोड तक यह सड़क वाया दीनदयाल चौक,छुआपट्टी,राजेंद्र चौक होते हुए सदर रोड तक पथ का चौड़ीकरण के साथ मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा।
मौके पर विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि कोठीहाट चौक से दीनदयाल चौक तक सड़क खस्ताहाल में है। इस योजना के तहत कोठीहाट चौक से दीनदयाल चौक,छुआपट्टी,राजेंद्र चौक होते हुए सदर रोड तक पथ निर्माण विभाग की ओर से काम होने से बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि छुआपट्टी किराना और हार्डवेयर का बड़ा हब है और न केवल शहरी और ग्रामीण इलाकों से बल्कि अगल बगल के जिलों से भी व्यापारी अपने व्यापार के सिलसिले में खरीददारी के लिए पहुंचते हैं। सड़क के चौड़ीकरण के साथ मरम्मतीकरण कार्य से न केवल नगर परिषद के लोगों को लाभ मिलेगा,बल्कि दूसरे शहरों से आने वाले कारोबारियों को भी लाभ मिलेगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर