वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित घोषित करने की विधायक ने की मांग

 




पश्चिम चम्पारण (बगहा), 29 सितंबर (हि.स.)। वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र समेत बगहा के विभिन्न इलाकों में बाढ़ से फसलों को हुई भारी क्षति को लेकर वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बिहार सरकार से प्रभावित क्षेत्रों को बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग की है।

विधायक ने कहा कि बाढ़ के कारण खेतों में खड़ी धान और गन्ना समेत अन्य फसलें पानी में डूब गई हैं। लंबे समय तक खेतों में पानी जमा रहने से फसलें सड़ने लगी हैं, जिससे किसानों को व्यापक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल क्षति के मद में राहत उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि प्रभावित परिवारों को दोबारा जीवन और खेती-किसानी को पटरी पर लाने में मदद मिल सके।

विधायक ने जिला एवं अनुमंडल प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित कराने की भी मांग की। उन्होंने प्रभावित गांवों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने पर जोर देते हुए कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद जलजनित बीमारियों और संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में समय रहते स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय किये जाने जरूरी हैं।

उल्लेखनीय है कि विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा की ओर से अपने स्वयंसेवकों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी कराया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य जारी रखने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी