जेपी सेनानियों की लंबित मांगों को लेकर विधायक छोटी कुमारी ने सदन में उठाया मुद्दा

 




सारण, 23 जुलाई (हि.स.)। बिहार विधानसभा में छपरा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से सदन में जेपी सेनानियों एवं उनके आश्रितों के सम्मान और कल्याण का मुद्दा उठाया।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने बताया कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में शामिल कई सेनानी आज भी सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं।

विधायक छोटी कुमारी ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि पुराने सरकारी अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण कई पात्र सेनानियों को अब तक उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल सका है। वर्तमान में कई जीवित जेपी सेनानी गंभीर आर्थिक व सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं वहीं दिवंगत सेनानियों की विधवा पत्नियां भी पेंशन लाभ से वंचित हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी पात्र सेनानियों को अविलंब योजना का लाभ दिया जाए तथा जेपी सेनानी सम्मान योजना परिषद में वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले इन योद्धाओं को सम्मान देना सरकार का नैतिक दायित्व है, जिस पर शीघ्र ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार