प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में स्पष्टीकरण देने का निर्देश
बक्सर, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक हुई, जिसमे विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल एवं सोन नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
सड़क चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा के क्रम में गोलंबर से ज्योति चौक, बड़ी मस्जिद से सेंट्रल जेल, एनएच-922 से बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तथा पुराना भोजपुर से सिमरी रोड तक के कार्यों में वन प्रमंडल से अनापत्ति प्रमाण पत्र लंबित होने की जानकारी दी गई। इस पर पथ निर्माण विभाग को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
टूटे हुए सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई, जिसमें संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के अंतर्गत 200 से अधिक आवेदनों के निरस्त होने पर जिला पदाधिकारी ने बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का निष्पादन शीघ्र करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा