मिथिला के पारंपरिक पाग के अपमान पर भाजपा युवा मोर्चा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
सुपौल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मिथिला की सांस्कृतिक पहचान, गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक पारंपरिक पाग के कथित अपमान को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला पदाधिकारी, सुपौल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत किशनपुर बाजार के गोलंबर पर 7 अक्टूबर 2026 को महागठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुतले को मिथिला का पारंपरिक पाग पहनाया गया था। आरोप है कि पुतला दहन के दौरान पाग भी आग की चपेट में आकर जल गया।
इस घटना को लेकर मिथिला की संस्कृति और परंपरा से जुड़े लोगों में नाराजगी है। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि मिथिला का पाग केवल एक पारंपरिक वस्त्र नहीं है, बल्कि यह सम्मान, स्वाभिमान, अतिथि-सत्कार और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मिथिला में पाग पहनाकर सम्मानित करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। ऐसे में किसी राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन के दौरान इस सांस्कृतिक प्रतीक का इस्तेमाल कर उसे जलाया जाना लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और संगठनों को विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है। राजनीतिक विचारों में मतभेद भी लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन विरोध के नाम पर किसी क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और सम्मान से जुड़े प्रतीकों का अपमान नहीं होना चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, जबकि सांस्कृतिक अस्मिता का सम्मान बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया गया। युवा मोर्चा अध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि मिथिला की संस्कृति, परंपरा और पाग के सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा युवा मोर्चा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि मिथिला का पाग सांस्कृतिक अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है और मिथिला की गौरवशाली परंपरा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा मीडिया प्रभारी सुरेंद्र नारायण पाठक, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री राजेश कुमार साह, जिला उपाध्यक्ष विशाल कुमार मिश्रा, जिला मंत्री मनीष कुशवाहा, जिला कोषाध्यक्ष राजेश मल्लिक और कार्यालय मंत्री शिवा चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र