मिथिला की लोकसंस्कृति के गीत-संगीत और नृत्य से सजा कला उत्सव

 


सुपौल, 05 नवंबर (हि.स.)। पीएमश्री टीसी हाईस्कूल, चकला निर्मली के सभागार में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कला उत्सव 2026 का बुधवार देर शाम समापन हो गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने मिथिला की समृद्ध लोकसंस्कृति को गीत-संगीत, नृत्य और नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुति ने समारोह को यादगार बना दिया। कला उत्सव के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक धरोहर को सहेजने का संदेश भी दिया।

प्रतियोगिता में सभी 12 विधाओं की प्रस्तुतियों के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने सभी 12 विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए डीईओ संग्राम सिंह ने कहा कि कला उत्सव में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह साबित करती है कि जिले के विद्यालयों में संगीत और कला की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सभी ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कला उत्सव के सफल आयोजन के लिए समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए), निर्णायक मंडल, विभिन्न विद्यालयों से आए संगीत एवं कला शिक्षकों तथा आयोजन से जुड़ी पूरी टीम की सराहना की।

कला उत्सव के जिला संयोजक नंद लाल पासवान ने बताया कि शास्त्रीय गायन एकल विधा में सरस्वती विद्या निकेतन जनता फागु मेहता उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैसा, सरायगढ़ की छात्रा स्मृति कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि प्लस टू तेजेन्द्र हाईस्कूल, बरुआरी की अदिति झा दूसरे स्थान पर रहीं।

कहानी वाचन विधा में सरस्वती विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल की अंशिका कुमारी एवं लक्ष्मी कुमार का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। वहीं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कर्णपुर की खुशी एवं जूही ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

समूह लोकनृत्य में मॉडल स्कूल, बैसा की सुनीता कुमारी, प्रीति कुमारी, नेहा कुमारी एवं अफसाना की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। जबकि प्लस टू तेजेन्द्र हाईस्कूल, बरुआरी की सुप्रिया कुमारी सिंह, अंतरा कुमारी एवं प्रिया कुमारी की टीम दूसरे स्थान पर रही।

, स्वदेशी खेल-खिलौने विधा में पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुखपुर की छात्रा कोमल एवं आशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग शिवेंद्र कुमार मल्लिक ने प्रदान किया। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों एवं शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र