लापता युवक जिंदा मिला, परिजन अज्ञात शव का कर चुके थे अंतिम संस्कार
किशनगंज, 28 मार्च (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में पहचान की बड़ी चूक का मामला सामने आया है, जहां एक युवक को मृत मानकर परिजनों ने अज्ञात शव का अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन तीन दिन बाद वही युवक पश्चिम बंगाल के पंजीपाड़ा इलाके में जीवित मिला।
जानकारी के अनुसार, मोतीबाग निवासी अमर चौहान तीन दिनों से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गुरुवार देर रात खगड़ा तीन नंबर रेलवे फाटक के पास वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को सदर अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने अमर चौहान के परिजनों को शव मिलने की सूचना दी और पहचान के लिए बुलाया।
सदर अस्पताल में रखे शव की हालत पूरी तरह क्षत-विक्षत थी। परिजनों ने कपड़ों और चेहरे के एक हिस्से के आधार पर शव को अमर चौहान का मान लिया। मृतक के पास कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला था। अमर चौहान के भाई ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के दौरान शव पूरी तरह नहीं दिखाया गया था। केवल साइड से चेहरा देखने पर उन्हें वह अपने भाई जैसा लगा। कपड़े भी मिलते-जुलते थे, इसलिए उन्होंने शव की पहचान अपने भाई के रूप में कर दी। शव की स्थिति खराब होने के कारण अन्य परिजनों को भी नहीं दिखाया गया।
इसके बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार को परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पूरे परिवार में शोक का माहौल था और सभी ने अमर चौहान की मौत मान ली थी। इसी बीच अंतिम संस्कार के कुछ समय बाद मोहम्मद सैफुल नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि अमर चौहान पश्चिम बंगाल के पंजीपाड़ा इलाके में जीवित है। सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और अमर चौहान को वापस घर लेकर आए। परिजनों के अनुसार, वह नशे की हालत में वहां पड़ा हुआ था।
घर लौटने के बाद अमर चौहान को थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद परिजन खुद थाने पहुंचे और बताया कि पहचान में उनसे गलती हो गई और उन्होंने अज्ञात शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि परिजनों ने सदर अस्पताल में शव को अपने भाई के रूप में पहचान की थी, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया। बाद में परिजनों ने सूचना दी कि अमर चौहान जिंदा है। फिलहाल अज्ञात शव को लेकर यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह