महादेवपुर गंगा घाट हादसा, 24 घंटे बाद नदी से मिला लापता किशोर का शव

 


भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के महादेवपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार को आखिरकार बरामद कर लिया गया।

राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने करीब 24 घंटे के सघन तलाशी अभियान के बाद शव को गहरे पानी से बाहर निकाला। शव मिलते ही घाट पर मौजूद परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और उनके करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को किशोर अपने रिश्तेदारों के साथ महादेवपुर घाट पर आया था. गंगा नदी में स्नान करने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के कारण लापता हो गया।

स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का स्तर अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम को दी गई। शुक्रवार शाम को अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में बाधा आई थी।

शनिवार सुबह से ही स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मशक्कत और नदी की गहराइयों को खंगालने के बाद आखिरकार किशोर का शव खोज निकाला गया।

हादसे के बाद से ही गंगा किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। जैसे ही किशोर का शव पानी से बाहर निकाला गया, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मौके पर मौजूद परबत्ता थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के गांव और परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर