दो दिनों से लापता छात्र का शव बरामद, हिरासत में दो दोस्त
अररिया 20 मई(हि.स.)। दो दिनों से लापता दसवीं कक्षा के छात्र विशाल कुमार का शव मजलिशपुर पंचायत के कुजरी बेलबाड़ी गांव के बांस की झाड़ी में बुधवार को संदिग्ध हालत में मिला। ऐसी आशंका है कि हत्या कर शव को बांस की झाड़ी में फेंक दिया गया था।
छात्र विशाल कुमार 18 मई से ही लापता था। मामले में पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में मोबाइल गेम को लेकर विवाद हत्या की वजह बताया जा रहा है।
मृतक विशाल कुमार उच्च माध्यमिक विद्यालय करोड़ दिघली में 10वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता श्रीलाल महतो और बड़ा भाई मुंबई में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद मां ममता देवी और बहन पूजा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की मां ममता देवी ने पलासी थाना में दिए आवेदन में बताया था कि 18 मई को स्कूल से घर लौटने के बाद विशाल अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसी दौरान परिवार को फोन कर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी। हालांकि दो दिनों बाद छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले पर एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो दोस्तों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में हत्या के पीछे मोबाइल गेम में लगाए जाने वाले पैसों का विवाद सामने आया है। एसपी के अनुसार छात्र और उसके दोस्त ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलते थे, जिसमें डॉलर के रूप में राशि लगाई जाती थी। इसी विवाद में विशाल की हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तेज धारदार दबिया भी बरामद किया है।
घटना की सूचना मिलते ही पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस अधिकारी और बल के साथ मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य को लेकर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर