महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता मामला: स्थानीय स्तर पर जांच के आदेश
भागलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर के नाथनगर प्रखंड स्थित एक मध्य विद्यालय में महिला शिक्षिकाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं ने प्रधानाध्यापक समेत कुछ पुरुष शिक्षकों पर अशोभनीय व्यवहार, अभद्र टिप्पणी, अनुचित इशारे और मानसिक उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिक्षिकाओं का कहना है कि इन हरकतों की वजह से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह खराब हो गया है और उन्हें भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले की शिकायत सबसे पहले 17 सितंबर को सरकार के सहयोग पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। पोर्टल पर शिकायत आने के बाद यह संवेदनशील मामला विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने 22 सितंबर को जांच के कड़े निर्देश जारी किए। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के आदेश के बाद अब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नाथनगर को इस मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे विद्यालय का स्थानीय स्तर पर दौरा कर शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता की गहन पड़ताल करें। साथ ही, विभाग ने तथ्यों की जांच कर अविलंब जांच प्रतिवेदन (रिपोर्ट) कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
पीड़ित महिला शिक्षिकाओं ने केवल विभागीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिला प्रशासन के समक्ष भी लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिक्षिकाओं का स्पष्ट कहना है कि किसी भी शिक्षण संस्थान में महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल होना बेहद जरूरी है। ऐसे में आरोपियों पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर