नाथनगर रेलवे स्टेशन पर नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर भागे आरोपित
भागलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। नाथनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर एक पर गुरुवार को नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीड़िता मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर (वार्ड संख्या-2) की रहने वाली है। पीड़िता ने बताया कि वह किसी काम से अपने घर से नाथनगर बाजार जा रही थी। इसी दौरान स्टेशन पर तीन युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ गलत हरकत करने लगे। आरोपित उसे खींचकर प्लेटफॉर्म की दीवार से सटे रास्ते की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। नाबालिग ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। लोकलाज और पकड़े जाने के डर से तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने नाथनगर थाना और भागलपुर रेल थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर