सारण पुलिस केंद्र में सिपाहियों को दिया गया माइनर एक्ट का प्रशिक्षण

 


सारण, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पुलिस केंद्र सह प्रशिक्षण में बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में प्रशिक्षणरत सिपाहियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव-प्रशिक्षित सिपाहियों को कानून की सूक्ष्म बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें क्षेत्र में कार्य करने के लिए विधिक रूप से सशक्त बनाना था।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रभारी ए.एस.टी.यू.-सह-ओ.एस.डी. प्रभारी विशाल आनंद द्वारा किया गया। उन्होंने सिपाहियों को माइनर एक्ट के अंतर्गत आने वाली विभिन्न धाराओं और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि छोटे कहे जाने वाले ये कानून सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने में कितनी अहम भूमिका निभाते हैं। प्रभारी विशाल आनंद ने कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ उनके व्यावहारिक पहलुओं को भी समझाया, ताकि सिपाही फील्ड में बिना किसी त्रुटि के कार्य कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने इस बात को जोर दिया कि कानून का अनुपालन कराते समय पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतनी चाहिए। साथ ही आमजन के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना भी उतना ही अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार समाज के प्रति सहानुभूतिपूर्ण होना चाहिए जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े। इस प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य सिपाहियों को विधिक रूप से दक्ष बनाना है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ कर सकें।

प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से न केवल जवानों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि वे समाज में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा पाते हैं। इस अवसर पर पुलिस केंद्र के कई अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षणरत सिपाही उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार