स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंत्री के बयान से विवाद के आसार
किशनगंज, 15 अगस्त (हि.स.)। बिहार के ऊर्जा मंत्री सह किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में दिए गए एक बयान को लेकर विवाद खड़ा होने के आसार हैं।
शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने सरस्वती पूजा के समय युवाओं द्वारा चंदा वसूली, शराब पीने और डीजे पर नाचने की गतिविधियों पर टिप्पणी की।
उनके इस बयान के बाद समारोह में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई। अपने संबोधन में मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि देश में होली, दीपावली और ईद सहित विभिन्न त्योहार लोग आपसी भाईचारे और खुशी के साथ मनाते हैं।
इसी क्रम में उन्होंने सरस्वती पूजा का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ युवा सड़कों पर बैरियर लगाकर चंदा वसूलते हैं। इसके बाद उसी पैसे से शराब पीकर डीजे पर नाचते हैं।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने ऐसी गतिविधियों को स्वयं अपनी आंखों से देखा है और सवाल उठाया कि क्या इस तरह की गतिविधियां होनी चाहिए। मंत्री की यह टिप्पणी स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक मंच से आने के कारण चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि उन्होंने युवाओं के एक वर्ग का उल्लेख किया, लेकिन बयान को लेकर जिले के युवा वर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का रूप भी ले सकता है।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने बिहार सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव किए बिना विकास के लिए काम कर रही है। विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों के बीच युवाओं तथा सरस्वती पूजा को लेकर दिया गया मंत्री का बयान समारोह के बाद चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। अब इस टिप्पणी पर स्थानीय स्तर पर किस तरह की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह