मंत्री ने पंचायती राज विभाग अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं का लिया जायजा
नालंदा, बिहारशरीफ 10 जुलाई (हि.स.)। पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को नालंदा पंचायती राज विभाग अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं के संबंध में समीक्षात्मक बैठक की ।
परिभ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत तिउरी, प्रखंड- बिहारशरीफ अंतर्गत निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया गया। उक्त ग्राम पंचायत में पंचायत सरकार भवन का निर्माण ग्राम पंचायत के मुखिया के द्वारा करवाया जा रहा है। मंत्री के द्वारा निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पाई गई कमियों को दूर करते हुए अविलंब पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
तत्पश्चात ग्राम पंचायत योजना से निर्मित छठ घाट का निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किया गया। क्षेत्र परिभ्रमण के पश्चात हरदेव भवन, नालन्दा समाहरणालय में पंचायती राज विभाग अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं से संबंधित समीक्षात्मक बैठक मंत्री की अध्यक्षता मे किया गया।
मंत्री एवं उनके आप्त सचिव द्वारा जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता,एवं ए ई ओ /भी सी डी सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं सभी प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी के साथ में की गई एवं कार्यों के लिए निदेश दिये गये है।
बताया गया है कि नालन्दा जिला अन्तर्गत कुल 227 ग्राम पंचायतों में से 134 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं सभी 134 पूर्ण पंचायत सरकार भवन क्रियाशील है। जहां पर पंचायत स्तर के सभी कार्यों का निष्पादन (जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण आदि) किया जा रहा है। साथ ही 87 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य ग्राम पंचायत एवं ए ई ओ एवं भवन निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है तथा 6 ग्राम पंचायतों (सरथा, पोआरी, चिकसौरा, उतरनावाँ, जैतपुर एवं अमेरा) में भूमि का चयन कर लिया गया है। जिसे विभाग द्वारा जल्द ही स्वीकृति प्रदान जायेगा।
जिला अन्तर्गत कुल 51 पंचायत सरकार भवनों में डाक घर की सेवाएँ दी जा रही है, 91 पंचायत सरकार भवनों में आधार से जुड़ी सेवाएं बहुत जल्द शुरू की जायेगी। एवं 53 पंचायत सरकार भवनों में पुस्तकालय का अधिष्ठापन किया जा चुका है। सभी क्रियाशील पंचायत सरकार भवनों में पंचायत स्तरीय कर्मियों द्वारा अपने कार्यों का निष्पादन किया जा रहा है।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप निर्माण के तहत नालन्दा जिला अन्तर्गत कुल 227 पंचायतों में से 49 ग्राम पंचायतों में भूमि चयन किया गया है जिस पर प्रथम चरण में 24 ग्राम पंचायतों में निर्माण की स्वीकृति दी गई है जिसका प्राक्कलन तैयार कर जल्द ही ग्राम पंचायत के माध्यम निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। शेष पंचायतों में भूमि चयन की कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही साथ मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना अन्तर्गत नालन्दा जिला के 3060 वार्डों में 10 लाईट प्रति वार्ड के अनुसार 30600 सोलर लाईट एवं सभी 230 ग्राम पंचायत में प्रति पंचायत अतिरिक्त 10 सोलर लाईटों के अनुसार कुल 32900 सोलर लाईटों के अधिष्ठापन का लक्ष्य था जिसमे से वर्ततान समय तक कुल 32900 जिसमें से 32712 सोलर लाईटों का अधिष्ठापन पूर्ण कर लिया गया है एवं शेष 188 सोलर लाईटों का अधिष्ठापन तकनीकी कारण से नही हो पा रहा था जिसे इस माह में पूर्ण कर लिया जायेगा। मंत्री जी द्वारा सभी प्राप्त शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समयावधि मे करने का निदेश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे