मंत्री नीतीश मिश्रा ने पटना मेट्रो की रफ्तार बढ़ाने पर दिया जोर, समयबद्ध पूर्णता का दिया निर्देश

 


पटना, 03 सितंबर (हि.स.)। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने गुरुवार काे पटना मेट्रो डिपो का निरीक्षण कर पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक से पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा ने पटना मेट्रो डिपो परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए परियोजना परिसर में स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विज़न बिहार के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर कनेक्टिविटी से युक्त विकसित शहरों के रूप में स्थापित करना है। पटना मेट्रो इसी विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, पीएमआरसीएल , संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने पटना मेट्रो परियोजना के विभिन्न कॉरिडोर एवं सेक्शन में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रमुख माइलस्टोन, निर्धारित समय-सीमा तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक के दौरान विभिन्न कॉरिडोर एवं सेक्शन में निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आगामी चरणों की प्राथमिकताओं की समीक्षा की गई। परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं एवं चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया गया।

मंत्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप सभी लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने निर्देश दिया कि पटना मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि जल्द से जल्द आम लोगों को बेहतर, सुगम एवं सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन और कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को बिल्कुल असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था करने, वैकल्पिक मार्गों एवं आवश्यक डायवर्जन की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने तथा सड़क पर आवागमन को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने परियोजना से जुड़ी सभी एजेंसियों, अधिकारियों एवं संवेदकों के बीच बेहतर एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्धता के साथ-साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने परियोजना के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी