बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार, हर परिवार तक पहुंचेगी राहत' : डॉ. प्रमोद कुमार
कटिहार, 11 सितंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को मनिहारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बाढ़ के पानी से घिरे पीड़ितों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक राहत कार्यों का जायजा लिया। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और किसी भी परिवार को दाने-दाने या बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
निरीक्षण के क्रम में प्रभारी मंत्री ने प्रशासन द्वारा संचालित सामुदायिक रसोइयों (कम्युनिटी किचन), मेडिकल कैंपों, पशु राहत शिविरों तथा स्वच्छ पेयजल व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया।
उन्होंने सामुदायिक रसोई में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची और स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता का हाल जाना। पशु शिविरों में पशुपालकों को सूखा चारा (भूसा) और पशु चिकित्सा की नियमित सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. प्रमोद कुमार ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जलमग्न क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र बाढ़ प्रभावित परिवार तक त्वरित राहत सामग्री पहुंचाने और सरकार द्वारा दी जाने वाली अनुग्रह राशि (जीआर) का भुगतान अविलंब पूरा करने का आदेश दिया, ताकि पीड़ितों को तत्काल आर्थिक संबल मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह