पथ निर्माण मंत्री ने किया जमींदारी तटबंध का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
भागलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)।
बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा विधायक इं. शैलेंद्र ने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने वाले नरकटिया-रामनगर-नन्हकार गंगा जमींदारी तटबंध का सघन निरीक्षण किया।
पटना रवाना होने से पहले मंत्री ने तटबंध पर चल रहे फ्लड फाइटिंग (बाढ़ निरोधक) कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री इं. शैलेंद्र ने फ्लड कंट्रोल विभाग के एसडीओ राजेश कुमार मेहरा, जेई कविरंजन कुमार, मंतोष कुमार और कार्य संवेदक सह सोनवर्षा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि राजीव उर्फ नूनू चौधरी से मौके पर चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।
फ्लड कंट्रोल विभाग के अधिकारियों ने मंत्री को गंगा नदी के वर्तमान जलस्तर की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग चौबीसों घंटे मुस्तैद है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। मंत्री इं. शैलेंद्र ने अधिकारियों और संवेदक को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि तटबंध की सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों की कई स्तरों पर मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, प्रभुनंदन चौधरी, कुमार सौरव, मुन्नी राय, सत्यप्रकाश सिंह, नीतेश चौधरी, कन्हैया झा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर