प्रभारी मंत्री बी. कार्तिकेय धनजी एवं एसपी ने सहयोग शिविर में सुनी जनसमस्याएं

 


पूर्णिया, 02 जून (हि.स.)।

बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री सह पूर्णिया जिला प्रभारी मंत्री बी. कार्तिकेय धनजी एवं पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा सोमवार को डगरूआ, कसबा एवं जलालगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, भूमि विवाद, पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, नल-जल योजना, जल निकासी, जन वितरण प्रणाली, पुलिस प्रशासन एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।

प्रभारी मंत्री बी. कार्तिकेय धनजी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक महोदया ने भी आमजनों से कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, भूमि विवाद, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर बातचीत की। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध वसूली अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही थाना स्तर पर जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने का निर्देश संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह