मन की बात कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री जायसवाल, कहा- पीएम के विचारों से मिलती है नई ऊर्जा
किशनगंज, 31 मई (हि.स.)। किशनगंज प्रखंड के मोहरमारी स्थित मतदान केंद्र संख्या-200 पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। इस अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी परंपराओं के संवर्धन तथा समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यक्त विचारों को कार्यकर्ताओं ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचार देशवासियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री के संदेशों से समाज सेवा, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी परंपराओं के संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति नई ऊर्जा एवं जागरूकता का संचार होता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को आम लोगों तक पहुंचाने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। इस मौके पर भाजपा की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वीणा देवी, मनीष सिन्हा, कौशल झा, राम मोहन सिंह, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह