ऐतिहासिक बूढ़ी काली मंदिर में मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने की पूजा-अर्चना, 125वें काली महोत्सव पर हुई चर्चा
किशनगंज, 10 नवंबर (हि.स.)। शहर के लाइन मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक बूढ़ी काली मंदिर में मंगलवार को बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पहुंचकर माता काली की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माता के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत एवं भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और आम नागरिक मौजूद रहे।
मौके पर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह लक्खा, आयोग के सदस्य सह जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता शिशिर कुमार दास, रेडक्रॉस के सचिव मिक्की साहा तथा मंदिर कमेटी के सुभोजित शेखर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व तथा आगामी 125वें काली महोत्सव के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि ऐतिहासिक बूढ़ी काली मंदिर के 125वें काली महोत्सव को बिहार सरकार की आधिकारिक सूची में शामिल कराने में मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी विशेष पहल से वर्षों से परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव को राज्य स्तर पर विशिष्ट पहचान मिली है। सरकारी सूची में शामिल होने से मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
मंदिर कमेटी के सदस्यों ने महोत्सव को सरकारी स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी इसे किशनगंज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। 125वें महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह