पोठिया में मवेशियों से लदा मिनी पिकअप जब्त, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर प्राथमिकी दर्ज

 


किशनगंज, 02 अगस्त (हि.स.)। पोठिया थाना पुलिस ने पशुओं के कथित अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधरा गांव के समीप दो मवेशियों से लदे एक मिनी पिकअप वाहन को जब्त किया है। पूछताछ के दाैरान वाहन चालक परिवहन और खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम नियमित गश्त एवं वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान छत्तरगाछ की ओर से आ रहे एक मिनी पिकअप वाहन को बुधरा गांव के निकट रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन पर दो मवेशी लदे पाए गए। पुलिस ने चालक से पशुओं के परिवहन एवं खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान आलम, निवासी नौकट्टा, रामगंज बेलुआ थाना क्षेत्र बताई। वहीं वाहन में मौजूद दूसरे व्यक्ति की पहचान नुरूल, निवासी मिलिक बस्ती, बुधरा गांव के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। नुरूल को थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया, जबकि वाहन और मवेशियों को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि दोनों मवेशियों को छत्तरगाछ क्षेत्र से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया। इस मामले में पशुओं के परिवहन के दौरान कथित क्रूरता एवं बिना वैध अभिलेख के परिवहन के आरोप में पोठिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रविवार सुबह थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि पशुओं के अवैध परिवहन की सूचना के आधार पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि पशुओं के अवैध परिवहन एवं पशु क्रूरता से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह