किशनगंज में आधी रात का तूफान बना कहर, पेड़ उखड़े, बिजली आपूर्ति ठप
किशनगंज, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले में आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई।
लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में कई पेड़ उखड़ गए, टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं तथा कई जगहों पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के कारण कई पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर बिखर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं वार्ड संख्या 11 में अधिवक्ता उज्जवल सिंहा के आवास के सामने भी पेड़ की बड़ी टहनी गिरने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
शहर में देर रात से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की टीमों द्वारा आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी है। इधर, रायपुर गांव में तेज आंधी के कारण मंदिर परिसर में लगा एक विशाल पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि मां काली मंदिर पूरी तरह सुरक्षित रहा। तूफान के कारण कई घरों के टीन शेड भी उड़ गए, जिससे ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ा।
पश्चिमपाली इलाके में स्थित बिग मार्ट पर लगा बड़ा लाइट होर्डिंग तेज हवा के कारण उखड़कर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, बीती रात आए तूफान में जिलाधिकारी विशाल राज के सरकारी आवास की चारदीवारी को तोड़ते हुए एक विशाल वृक्ष पड़ोसी मकान पर जा गिरा, जिससे मकान को क्षति पहुंची है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। तेज आंधी-तूफान के कारण जिले में फसलों को भी भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कराया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह