खेत में काम के दौरान करंट लगने से अधेड़ किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 


सुपौल, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास पंचायत के वार्ड संख्या-7 में सोमवार को खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई।

मृतक की पहचान हुलास वार्ड संख्या-8 निवासी ढालो कामत (45) पिता स्व. अनंत कामत के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार सोमवार करीब 11 बजे ढालो कामत मधेपुरा उप शाखा नहर किनारे खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे बिजली करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

स्थानीय निवासी राम कामत ने बताया कि ढालो कामत खेत में काम कर रहे थे। काम के दौरान वे खाना खाने के लिए आए थे, तभी ऊपर से गुजर रहे बिजली तार के संपर्क में आ गए और करंट लगने से उनकी मौत हो गई। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मृतक के परिवार में दो पुत्र ओमप्रकाश (25) एवं दीपक (23), एक पुत्री अनोखा कुमारी (18) समेत अन्य परिजन हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, घटना को लेकर बिजली विभाग और ग्रामीणों के बीच करंट लगने के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 11 हजार वोल्ट लाइन के संपर्क में आने से हादसा हुआ, जबकि राघोपुर विद्युत उपकेंद्र के कनीय अभियंता (जेई) कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि मृतक को 11 हजार वोल्ट लाइन से करंट नहीं लगा है। खेत की पटवन के दौरान सर्विस वायर के संपर्क में आने से हादसा हुआ है।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र