बक्सर के डुमरांव में बाबा जंगलीनाथ धाम में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, 251 जोड़ों ने किया महारुद्राभिषेक

 


बक्सर,07 अगस्त (हि.स.)। सावन माह के पावन अवसर पर नगर स्थित बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर में रुद्रसागर सेवा संस्थान के तत्वावधान में भव्य महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में 51 हजार पार्थिव शिवलिंग की स्थापना के साथ 251 दंपतियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।

कार्यक्रम का संचालन आचार्य विंध्याचल ओझा के नेतृत्व में 11 विद्वान पंडितों ने किया। इस दौरान आचार्य संजीव मिश्रा, आचार्य रोहित ओझा, आचार्य शशि तिवारी एवं आचार्य शांतनु मिश्रा सहित अन्य आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मंदिर परिसर पूरे समय शिवभक्ति और हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।

इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण के रूप में छप्पन भोग का महाप्रसाद तैयार किया गया। रुद्राभिषेक के उपरांत आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों की सहभागिता रही।

मुख्य अतिथि महाराज शिवांग विजय सिंह ने बाबा जंगलीनाथ महादेव की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन, डॉ. विनोद प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में रुद्रसागर सेवा संस्थान के सचिव रविशंकर चौबे, अध्यक्ष बालकृष्ण चौबे, संस्थापक सदस्य एवं समाजसेवी राजीव रंजन सिंह, व्यवस्थापक संजय चौबे, रिंटू चौबे, पूर्व मुखिया तेज नारायण ओझा, सुभाष मिश्रा, सोनू सिंह, राजेश सैनी, कुंदन सिंह, अभिषेक तिवारी (मोनू), अजीत पांडेय, हिमांशु पाठक, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भुटेली सिंह तथा मदन चौबे सहित अनेक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra