एमजीसीयू के तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
पूर्वी चंपारण,01 अप्रैल (हि.स.)। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में आगामी 4 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुलानुशासक प्रो. प्रसून दत्त सिंह सहित विभिन्न समितियों के प्रभारी उपस्थित रहे। कुलपति ने सभी तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने अवगत कराया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा विभिन्न समितियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे कार्यक्रम के सफल आयोजन की दिशा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। तृतीय दीक्षांत समारोह में इस वर्ष शैक्षणिक उत्कृष्टता का विशेष सम्मान किया जाएगा। समारोह में 22 विद्यार्थियों को विभागीय टॉपर के रूप में कुलपति गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा, जिनमें 19 स्नातकोत्तर एवं 3 स्नातक विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अर्थशास्त्र विभाग के टॉपर को प्रो. जनार्दन प्रसाद गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय (स्कूल) स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कुल 9 स्कूल टॉपर गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 7 स्नातकोत्तर एवं 2 स्नातक कार्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में स्कूल ऑफ फिजिकल साइंसेज के लिए महार्षि कणाद गोल्ड मेडल रुतुपर्णा रथ को, स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज के लिए महार्षि सुश्रुत गोल्ड मेडल अदिति प्रज्ञा को, स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी के लिए आर्यभट्ट गोल्ड मेडल मुस्कान कुमारी को, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड लैंग्वेजेज के लिए महार्षि वाल्मीकि गोल्ड मेडल बलिराम कुमार को, स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के लिए सम्राट अशोक गोल्ड मेडल आनंद कुमार को, स्कूल ऑफ एजुकेशन के लिए महार्षि कात्यायन गोल्ड मेडल चंदन कुमार को तथा पीएमएमएम स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज के लिए आचार्य कौटिल्य गोल्ड मेडल रचित यशस्वी को प्रदान किया जाएगा। स्नातक कार्यक्रमों में स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी के लिए आर्यभट्ट गोल्ड मेडल सिमरन साहिवाल को तथा पीएमएमएम स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज के लिए आचार्य कौटिल्य गोल्ड मेडल श्रुति कुमारी को प्रदान किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार