एमजीसीयू में 'उमंग 3.0' के तीसरे दिन हुई क्रिकेट,बैडमिंटन कैरम और शतरंज की प्रतियोगिता

 




पूर्वी चंपारण,24 फ़रवरी (हि.स.)।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव उमंग 3.0–2026 के तीसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साह, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में खेलों को लेकर जबरदस्त ऊर्जा और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

क्रिकेट मुकाबलों में किंग्स इलेवन ने ब्रॉडकास्टिंग ब्लास्टर्स को छह विकेट से पराजित किया। हेमंत कुमार ने तीन विकेट लेने के साथ 35 रन की शानदार पारी खेलकर ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया। महिला क्रिकेट में CP XI ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए द आयरनी आइकॉन्स को 114 रनों के बड़े अंतर से हराया। जयस्मिता ने 73* रन बनाने के साथ दो विकेट लेकर ‘वुमन ऑफ द मैच’ का सम्मान हासिल किया।

गोल्डन गर्ल्स ने आयत की घातक गेंदबाजी के दम पर उड़ान वॉरियर्स को 10 विकेट से शिकस्त दी। बैडमिंटन डबल्स (छात्रा वर्ग) में रसायन विज्ञान विभाग की अनुष्का कुमारी एवं शुभ्रा कुमारी की जोड़ी ने शानदार तालमेल के साथ खिताब अपने नाम किया। उपविजेता अदिति एवं मनीषा रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर श्रेया पांडेय और रागी कुमारी की जोड़ी रही। पारंपरिक खेल पिट्टू में कॉस्मिक कॉन्क्वर्स टीम ने रोमांचक फाइनल में इलेक्ट्रिक पिट्टू को 19–14 से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल और रणनीति ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।

कैरम प्रतियोगिता में प्रबंधन विज्ञान विभाग के अंकित कुमार मिश्रा प्रथम स्थान पर रहे, जबकि विकास कुमार तिवारी उपविजेता और निखिल कुमार तृतीय स्थान पर रहे। शतरंज में कल्याण गुरुवे ने उत्कृष्ट रणनीति के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, सत्यम कुमार द्वितीय तथा उज्ज्वल गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ‘उमंग’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करते हैं। खेल महोत्सव के आगामी दिनों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार