एमजीसीयू में खेल उत्सव ‘उमंग 2026’ का सांसद एवं डीएम ने किया शुभारंभ

 


पूर्वी चंपारण,22 फ़रवरी (हि.स.).एमजीसीयू में सांसद राधा मोहन सिंह व जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल खेल उत्सव उमंग 2026 का रविवार को शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित गांधी भवन के खेल मैदान में रंग-बिरंगे गुब्बारों के उड़ान और फीता काटने के साथ खेल महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन संपन्न हुआ।

इस मौके पर अतिथि के साथ कार्यक्रम के संरक्षक कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव तथा विश्वविद्यालय खेल बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रो. शिरीष मिश्रा की भी

उपस्थिति रही। कुलपति ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सहयोग की भावना का उत्कृष्ट प्रशिक्षण देता हैं।“उमंग जैसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक तथा सक्षम नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से ऐसे सकारात्मक आयोजनों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है। “उमंग खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘फिट इंडिया अभियान’ की भावना को आगे बढ़ाता है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करता है।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच 12 ओवर का रोमांचक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। महोत्सव 21 से 26 फरवरी तक लगातार छह दिनों तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, पिट्ठू, शतरंज, कैरम एवं एथलेटिक्स सहित अनेक प्रतियोगिताएं होंगी। खेल महोत्सव का समापन 26 फरवरी को होगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार