महानगर जदयू की बैठक, ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियों पर हुई चर्चा

 


भागलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी 02 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले “नीतीश संवाद : जीविका के 20 साल बेमिसाल” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को नयाबाजार स्थित महानगर जदयू कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता महानगर जिला जदयू अध्यक्ष संजय साह ने की। बैठक को संबोधित करते हुए संजय साह ने कहा कि जीविका के 20 वर्षों की यात्रा बिहार में महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में किए गए अभूतपूर्व कार्यों को सामने लाने का एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर का “नीतीश संवाद” कार्यक्रम पूरे उत्साह और मजबूत संगठनात्मक सहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने महानगर जदयू के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की सहभागिता एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से रणनीति बनाई गई। बैठक के उपरांत महानगर जदयू कार्यालय में एक सुखद और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां वरिष्ठ जदयू नेता राकेश कुमार ओझा एवं महानगर जदयू महासचिव चंदन सहाय का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। इस दौरान उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को बधाई दी और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्य रूप से शमीम रिजवी, संजू तिवारी, रामाशीष सिंह, अमित आर्यन, गोलू साह, टिंकू मोदी, राहुल सिंह, विकास सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, महानगर जदयू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर