सरकारी जमीन के सदुपयोग को लेकर मंत्री को सौंपा ज्ञापन

 


भागलपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले के अकबरनगर थाना के समीप वर्षों से खाली पड़ी 3 एकड़ 60 डेसिमल सरकारी जमीन के जनहित में उपयोग किए जाने की बात जोर पकड़ने लगी है।

भाजपा नेता सतीश कुमार उर्फ कन्हैया झा ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र से रविवार को मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उक्त भूमि पर थाना भवन, नगर पंचायत कार्यालय, सार्वजनिक पार्क तथा अन्य सरकारी योजनाओं का निर्माण करने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण विभाग की या जमीन लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी है। जबकि अकबरनगर थाना करीब 30 वर्षों से किराए के भवन में संचालित हो रहा है।

नगर पंचायत का दर्जा मिलने से 3 वर्ष बाद भी स्थायी कार्यालय भवन नहीं बन सका है और फिलहाल नगर पंचायत कार्यालय पुस्तकालय भवन में चल रहा है। सतीश कुमार उर्फ कन्हैया झा ने बताया कि इस मामले को पूर्व में बिहार के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया था।

पुलिस विभाग ने उसका निरीक्षण कर जमीन को थाना भवन निर्माण के लिए उपयुक्त बताया था। बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ रही है। खाली जमीन पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। यदि समय रहते इसका उपयोग नहीं किया गया तो भविष्य में सरकारी परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराना कठिन हो सकता है।

मंत्री ने सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर