शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर डॉ प्रीति शेखर ने नगर आयुक्त से की मुलाकात
भागलपुर, 27 मई (हि.स.)। भागलपुर शहर की मुलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रीति शेखर ने बुधवार को नगर आयुक्त से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने शहर की समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया। डॉ प्रीति शेखर ने कहा कि सैंडिस कंपाउण्ड के प्रवेश शुल्क का समय सीमा को शाम 4:00 बजे से बढ़ाकर शाम 6:00 बजे तक कर दिया गया है। जिससे आमजनों, बुज़ुर्गों, विद्यार्थियों एवं खिलाडियों में अत्यधिक रोष है। इसलिए समय पूर्व की भाँति प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक ही रखा जाए ताकि आमजनों को राहत हो।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की जागरूकता से शहर के व्यापारीगण ट्रेड लाइसेंस बनवा रहे हैं। परंतु मध्यमवर्गीय व्यवसायियों को पूर्व में 8-10 वर्षों का नवीकरण शुल्क बकाया है। उन्हें एकमुश्त जमा करने में परेशानी आ रही है। अतः पिछले 8-10 वर्षों के नवीकरण शुल्क को 50% माफ किया जाए ताकि व्यापारियों को राहत मिले और तेजी से निगम की आय बढ़ सके।
शहर के सभी मुख्य मार्गों सहित अन्य मार्गों में यथाशीघ्र अंडरग्राउण्ड वायरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित हो ताकि प्राकृतिक विपदा से विद्युत प्रवाह बाधित ना हो। इसका अलावा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था एवं खराब लाइटों की मरम्मति का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जाए। डॉ प्रीति शेखर ने बताया कि नगर आयुक्त ने उक्त समस्याओं के जल्द निदान का भरोसा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर