राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन से मिले सैयद हसन
भागलपुर, 18 मार्च (हि.स.)। खानकाह पीर दमड़िया शाह भागलपुर के सज्जादा नशीन मौलाना सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन ने बुधवार को राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अलहाज इरशादुल्लाह से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की।
इस दौरान सज्जादा नशीन हज़रत शाह फख्र-ए-आलम हसन मजाहिरी और सुन्नी वक्फ बोर्ड, पटना के चेयरमैन अलहाज इरशादुल्लाह के बीच विस्तृत बातचीत हुई। मुलाकात में मिल्ली मसलों, औकाफ से जुड़े मामलों और खास तौर पर एक शैक्षणिक संस्थान की स्थापना की संभावनाओं पर गंभीर और सार्थक विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर हज़रत शाह फख्र-ए-आलम हसन मजाहिरी ने चेयरमैन वक्फ बोर्ड की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 18 वर्षों के दौरान औकाफ के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता में वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, बेहतर उपयोग और विकास कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, जो सराहनीय है। मुलाकात के दौरान भागलपुर में शिक्षा के क्षेत्र को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। इस संबंध में इस बात पर सहमति बनी कि खानकाह पीर दमड़िया शाह और शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के आपसी सहयोग से एक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने की दिशा में गंभीर कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्थानीय युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें।
सज्जादा नशीन ने कहा कि यह मुलाकात बेहद उपयोगी और परिणामदायक रही, जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे और मिल्ली, शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास के लिए संयुक्त कदमों को और मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर