साउंड व्यवसायियों की बैठक, उठा अवैध वसूली का मुद्दा
भागलपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के बूढ़ानाथ क्षेत्र में बुधवार को जिला साउंड एसोसिएशन संघ की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें साउंड व्यवसाय से जुड़े लोगों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक का मुख्य मुद्दा पुलिस प्रशासन द्वारा कथित अवैध वसूली रहा। संघ के सदस्यों ने बताया कि वे जिला प्रशासन के सभी नियमों का पालन करते हैं और रात 10 बजे के बाद साउंड नहीं बजाते हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा तरह-तरह के बहाने बनाकर उनसे पैसे की मांग की जाती है। आरोप यह भी लगाया गया कि पैसा नहीं देने पर साउंड सिस्टम को जब्त कर थाना ले जाया जाता है और गलत तरीके से केस दर्ज कर दिया जाता है।
संघ के सचिव अमित गुप्ता ने कहा कि जल्द ही लगन का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में इस तरह की कार्रवाई से साउंड व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि सभी लोग नियमों के तहत अपना काम कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर