बिहपुर में आज जलेगा एक लाख 'आशीर्वाद का दिया', 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर भाजपा की बैठक
भागलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बुधवार को एनडीए कार्यालय, बिहपुर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक हुई, जिसमें 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की रूपरेखा तैयार की गई।
अभियान के तहत गुरुवार शाम बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा स्मरण’ व ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम लोगों के घरों के साथ-साथ प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर एक लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे।
कार्यक्रम की सफलता के लिए बुधवार को कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच दीयों का वितरण भी किया गया। बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी का निरंतर प्रयास जरूरी है।महीने भर चलेंगे 25 तरह के सेवा कार्यजिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि इस एक महीने के अभियान के दौरान कुल 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां चलाई जाएंगी। इनमें रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, अंगदान संकल्प, जल संरक्षण, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम शामिल हैं।
परमानंद मंडल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का संचालन विधानसभा संयोजक दिनेश यादव व प्रो. गौतम ने किया। बैठक में छह मंडलों के अध्यक्षों, पंचायत व बूथ अध्यक्षों के अलावा जिलामंत्री रूपेश रूप, इंजीनियर कुमार गौरव, उत्तम कुमार, पवन यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर