विभिन्न समस्याओं को लेकर बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की बैठक

 


भागलपुर, 15 जून (हि.स.)। विभिन्न समस्याओं को लेकर जिले के सुल्तानगंज शाखा के बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की एक बैठक सोमवार को प्रखंड अध्यक्ष उषा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में संघ की जिला अध्यक्ष सुभद्रा कुमारी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं शामिल हुईं। इस दौरान कर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। उल्लेखनीय है कि आंगनबाड़ी सेविकाओं को पिछले छह माह से तथा सहायिकाओं को आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।

इसके कारण कई कर्मियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। सदस्यों ने कहा कि नियमित मानदेय नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और कई कर्मी आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।

संघ ने सरकार से लंबित भुगतान अविलंब जारी करने की मांग की। आंगनबाड़ी केंद्रों के अधिकांश कार्य अब डिजिटल और ऑनलाइन माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं। बैठक में कहा गया कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी सेविकाओं को बेहतर गुणवत्ता वाले स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए जाने चाहिए ताकि सरकारी योजनाओं और पोर्टल आधारित कार्यों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

बैठक में कहा गया कि बीते तीन वर्षों से आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को ड्रेस उपलब्ध नहीं कराई गई है। संघ ने लंबित ड्रेस वितरण प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि यह कर्मियों के सम्मान और पहचान से जुड़ा विषय है। कई आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं, लेकिन अब तक बिजली कनेक्शन शुरू नहीं हो सका है।

कर्मियों ने कहा कि बिजली सुविधा के अभाव में बच्चों और लाभुकों को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। संघ ने सभी केंद्रों में शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, कर्मियों की समस्याओं के समाधान तथा भविष्य की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर