मुख्यमंत्री आवास पर राजग की बैठक, सम्राट चौधरी के कामकाज की नेताओं ने की सराहना

 




- संगठन की मजबूती, विकास योजनाओं और जनसंपर्क अभियान पर बनी रणनीति

पटना, 10 जुलाई (हि.स.)। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के गठन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर राजग के सभी घटक दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा, संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद राजग के नेताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अब तक के कार्यों की सराहना करते हुए सरकार के नेतृत्व पर विश्वास जताया।

भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों तथा बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों के बीच आयोजित इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजग के सभी पांचों घटक दलों के शीर्ष नेता मौजूद रहे। बैठक में जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, विभिन्न दलों के वरिष्ठ मंत्री, विधायक तथा संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य में विकास की गति को और तेज करने की दिशा में काम कर रहे हैं तथा पूर्ववर्ती विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

निशांत कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना राजग सरकार की प्राथमिकता है और पूरा गठबंधन एकजुट होकर समृद्ध, विकसित एवं आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण के लिए कार्य करेगा।

राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने बैठक को सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को जानने के उद्देश्य से सभी जिलाध्यक्षों के साथ-साथ मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी बैठक में आमंत्रित किया था। इससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी तथा सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।

बैठक के बाद जदयू विधान परिषद सदस्य संजय गांधी ने कहा कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है। संगठन में जिम्मेदारियां समय और परिस्थितियों के अनुसार मिलती हैं तथा इसे लेकर किसी प्रकार का असंतोष नहीं है। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

मंत्री संजय सिंह ने बताया कि बैठक में सभी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों का नियमित भ्रमण करने, स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी लेने तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष बल दिया जाएगा।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राजग के सभी जिलाध्यक्षों का एक मंच पर आना संगठन की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भी गठबंधन के सभी दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित किया था, जिसका सकारात्मक परिणाम चुनाव में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि राजग की सफलता का आधार सभी सहयोगी दलों के बीच मजबूत तालमेल रहा है।

बैठक में शामिल जिला स्तरीय नेताओं ने बताया कि निर्णय लिया गया है कि राजग के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में नियमित रूप से संयुक्त बैठकें करेंगे और सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही जिला स्तर पर संगठनात्मक समन्वय को और मजबूत किया जाएगा तथा विकास योजनाओं की निगरानी और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। नेताओं ने कहा कि राजग की एकजुटता, संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क अभियान ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर बिहार के समग्र विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी