सारण में शहरी नदी प्रबंधन योजना के प्रारूप को अंतिम रूप देने हेतु बैठक आयोजित
सारण, 09 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज शहरी नदी प्रबंधन योजना के प्रारूप को अंतिम रूप देने हेतु एक बहु-हितधारक बैठक आयोजित की गई।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का संचालन भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा किया जा रहा है। प्रथम चरण में बिहार के गंगा बेसिन क्षेत्र से चयनित छह शहरों में छपरा भी शामिल है। राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान और विशेषज्ञ परामर्शी संस्थाएँ इस समग्र योजना को तैयार कर रही हैं।
बैठक में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नदी संरक्षण, शहरी विकास तथा स्थानीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक दृष्टिकोण अपनाने का सुझाव दिया।
वहीं, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने परामर्शी संस्थाओं को निर्देशित किया कि योजना में छपरा नगर क्षेत्र के प्रस्तावित विस्तार और इंटर लिंकिंग ऑफ रिवर्स जैसी भावी विकास परियोजनाओं को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
इस योजना के तहत मुख्य रूप से नदी तट का सुनियोजित विकास, सौंदर्यपरक बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विकेन्द्रीकृत गीले कचरे का प्रबंधन तथा फीकल स्लज के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु संरचनाओं की स्थापना जैसे घटकों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ जन-जागरूकता और नागरिक सहभागिता पर विशेष बल दिया गया ताकि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आ सके।
इस बैठक में छपरा नगर निगम की महापौर, नगर आयुक्त, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार