एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

 


अररिया 12 नवम्बर(हि.स.)।

फोटो निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय के परमान सभागार में गुरुवार को सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आज 12 नवम्बर को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक सूची के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्रारूप निर्वाचक सूची में सम्मिलित निर्वाचकों की संख्या से अवगत कराया गया।नरपतगंज विधानसभा में निर्वाचकों की संख्या 3,42,160,रानीगंज (अजा) में 3,48,940,फारबिसगंज में 3,65,798 निर्वाचक,अररिया में 3,40,723,जोकिहाट में 3,09,813 और सिकटी में कुल 3,07,838 हैं।इस प्रकार अररिया जिले में कुल 20,15,272 निर्वाचक प्रारूप निर्वाचक सूची में शामिल हैं, जिनमें 10,54,390 पुरुष, 9,60,804 महिला एवं 78 तृतीय लिंग के निर्वाचक हैं। इसके अतिरिक्त प्रारूप निर्वाचक सूची में 21,880 दिव्यांग निर्वाचक, 14,166 वरिष्ठ मतदाता एवं 5,748 युवा मतदाता शामिल हैं।

बैठक में सभी उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप निर्वाचक सूची की हार्ड कॉपी तथा अनुपूरक-3 की प्रति उपलब्ध कराई गई। उनसे अनुरोध किया गया कि वे प्रारूप निर्वाचक सूची का अवलोकन करें तथा किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें।

बैठक में बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक सूची के विरुद्ध दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

इस दौरान नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र-6, नाम विलोपन अथवा आपत्ति हेतु प्रपत्र-7 तथा निवास स्थान परिवर्तन, निर्वाचक सूची की प्रविष्टियों में सुधार,एपिक प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग निर्वाचक के रूप में चिह्नित करने हेतु प्रपत्र-8 के संबंध में भी जानकारी दी गई।

बैठक में विशेष अभियान दिवसों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रथम विशेष अभियान दिवस 21 एवं 22 नवंबर 2026 तथा द्वितीय विशेष अभियान दिवस 05 एवं 06 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इन तिथियों को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे तथा पात्र नागरिकों से दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

बैठक में वरीय प्रभारी, निर्वाचन-सह-अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी,अजय कुमार ठाकुर,उप निर्वाचन डॉ राम बाबू कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी,अवर निर्वाचन पदाधिकारी अमर कुमार,कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मासूम रेजा, भाजपा से नीरज झा, राजद से कमाले हक, अन्य राजनैतिक दलों में रामविनय राय, रणविजय विश्वास, गौसूल आजम, रामबिलास पासवान आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर