बिहार दिवस को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

 


भागलपुर, 07 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने भागलपुर के समीक्षा भवन में शनिवार को बिहार दिवस के आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की । बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा, भागलपुर ने विगत वर्ष में आयोजित बिहार दिवस की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया।

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में 22 एवं 23 मार्च को बिहार दिवस 2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यंजन मेला और विभिन्न विभागों की स्टाल लगाए जाएंगे। स्टॉल में संबंधित विभागों के कार्यों एवं योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। भागलपुर के शिक्षण संस्थानों में निबंध प्रतियोगिता, वाक् प्रतियोगिता, प्रिंटिंग प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा तथा विजयी प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर भागलपुर के वैसे विद्यार्थी या वैसे व्यक्ति जिन्होंने किसी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।

बिहार दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों को महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने निदेशित किया कि भागलपुर के सभी कार्यालय प्रधान अपने कार्यालय की साफ सफाई एवं रंग रोगन करवाएंगे। 22 एवं 23 मार्च को कार्यालय को नीला प्रकाश में प्रकाशमान रखने की व्यवस्था कराएंगे। कार्यक्रम में एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, एनवायके सहित सभी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपार समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ अशोक प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रतन कुमार उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर