कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने मनाया मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती

 




अररिया 11 नवम्बर(हि.स.)। अररिया जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से बुधवार को फारबिसगंज के रामपुर दक्षिण पंचायत के ननकार टोला स्थित मदरसा में देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद को उनकी जयंती पर याद किया गया।कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए और मौलाना अबुल कलाम आजाद की तस्वीर पर पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मौके पर मौजूद वक्ताओं ने मौलाना अबुल कलाम आजाद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।वक्ताओं ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मौलाना अबुल कलाम आजाद का मूल नाम अबुल कलाम गुलाम मोहिउद्दीन था और भारत के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, महान विद्वान और स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री रहे। 11 नवंबर 1888 को सऊदी अरब के मक्का में जन्म हुआ था।उनके पिता मौलाना खैरुद्दीन एक बंगाली मुस्लिम विद्वान थे और उनका परिवार बाद में कोलकाता आ गया था। अपने पिता और इस्लामी विद्वानों से अरबी, फारसी, उर्दू, दर्शन और इतिहास की शिक्षा प्राप्त की।

उन्होंने अपने नाम में वैचारिक रूप से स्वतंत्र दर्शाने के लिए आजाद उपनाम रखा।उन्होंने खिलाफत आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और महात्मा गांधी के नेतृत्व में असहयोग आंदोलन तथा सविनय अवज्ञा आंदोलन में भाग लिया।1923 में दिल्ली के विशेष अधिवेशन में सबसे कम उम्र 35 वर्ष में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बने। इसके बाद 1940 से 1946 तक लंबे समय तक कांग्रेस के अध्यक्ष रहे।देश के विभाजन के सख्त विरोधी थे और उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर दिया।

मौके पर पूर्व विधायक जाकिर अनवर बैराग,पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा,अनवर राज सहित दर्जनों कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर