गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर में विभागीय गणित-विज्ञान मेला आयोजित, नरगाकोठी रहा प्रथम
भागलपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार पटना के तत्वावधान में रविवार को चंपानगर स्थित गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में विभाग स्तरीय गणित-विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में भागलपुर विभाग के विभिन्न विद्यालयों से आए 288 छात्र-छात्राओं और उनके संरक्षक आचार्यों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ट्रिपल आईटी के निदेशक डॉ. मधुसूदन सिंह, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के कोषाध्यक्ष डॉ. रविशंकर प्रसाद, प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, नोपानी के प्रधानाचार्य आकाश कुमार और चेतनहरि के प्रधानाचार्य विष्णु कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद डॉ. मधुसूदन सिंह ने नारियल फोड़कर विधिवत विज्ञान मेले की शुरुआत की। विशेषज्ञउद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए ट्रिपल आईटी के निदेशक डॉ. मधुसूदन सिंह ने कहा कि शिशु वर्ग से ही छात्रों में विज्ञान, कंप्यूटर और गणित के मॉडल बनाने की रुचि जगाना और प्रतियोगिताएं आयोजित करना एक उत्कृष्ट प्रयोग है। वहीं विद्यालय के कोषाध्यक्ष डॉ. रविशंकर प्रसाद ने जोर देकर कहा कि नवाचार और प्रयोग पर आधारित ज्ञान ही स्थाई होता है, जिससे छात्रों का मानसिक विकास होता है। प्रस्तावना के दौरान जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को प्रदर्श (मॉडल), पत्र वाचन और प्रयोग संबंधी प्रतियोगिताओं के नियम समझाए। उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मेले में छात्रों ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े कई बेहतरीन मॉडल पेश किए। प्रतियोगिता के परिणाम में तरुण वर्ग तक चलने वाले विद्यालयों में ‘सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी’ ने प्रथम स्थान और ‘आनंदराम’ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पूरी प्रतियोगिता को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में 80 निर्णायक सदस्यों ने अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर अभिमन्यु कुमार, विनोद पांडे, अखिलेश कुमार, महेश कुंवर, विजय शंकर झा, रतन पाठक, अभिजीत कुमार, मनोज तिवारी, अमर ज्योति, अवधेश भारती, दीपक कुमार झा, शांतनु आनंद और शशि भूषण मिश्र सहित विभाग के कई गणमान्य लोग और आचार्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर