कटिहार में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार: 8 करोड़ की स्मैक व हथियार बरामद, 832 गिरफ्तार

 

कटिहार, 03 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब और अवैध हथियारों के तस्करों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सितंबर माह में चलाए गए जिलेव्यापी अभियान के तहत पुलिस ने 8 करोड़ रूपये मूल्य की स्मैक, भारी मात्रा में गांजा, नशीली गोलियां और अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस, मद्यनिषेध और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 263 मामले दर्ज कर 832 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

8 करोड़ रूपये से अधिक के मादक पदार्थ और शराब जब्त

अभियान के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी। इसमें 8.795 किलोग्राम स्मैक (अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 8 करोड़ रूपये ), 15.276 किलोग्राम गांजा (अनुमानित मूल्य 15 लाख रूपये), 41,594 पीस नशीली गोलियां तथा 35.5 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप शामिल है। इसके अलावा मद्यनिषेध कानून के तहत 4,484.02 लीटर विदेशी शराब और 2,508.82 लीटर देशी शराब बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत 31 कांड दर्ज कर 50 तस्करों को तथा शराब सेवन व बिक्री के 208 मामलों में 758 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

11 अवैध हथियार और 26 जिंदा कारतूस बरामद

अपराध नियंत्रण के तहत अवैध हथियारों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में पुलिस ने 7 देशी कट्टा, 4 देशी पिस्टल और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

नशामुक्त समाज के लिए पुलिस ने मांगी नागरिकों से मदद

कटिहार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों एवं अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह दूर रहें। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थ, नशीली टैबलेट, अवैध शराब अथवा अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह