पश्चिमपाली के ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप में भीषण आग, 50 फीट ऊंची उठीं लपटें, 10 से अधिक धमाकों से दहशत

 




किशनगंज, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर के पश्चिमपाली स्थित बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें करीब 50 फीट से अधिक ऊंचाई तक उठ रही थीं, जबकि आसमान में धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। वर्कशॉप के अंदर से लगातार धमाकों की आवाज आने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब तक 10 से अधिक धमाके हो चुके हैं। घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई कि वर्कशॉप से महज 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप स्थित है। इसके अलावा पश्चिमपाली घनी आबादी वाला इलाका है, जहां करीब 50 हजार से अधिक लोग रहते हैं। आसपास कई कोचिंग संस्थान और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठान भी संचालित हैं। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाला तथा लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया। एहतियातन संबंधित मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल चौधरी ने बताया कि वर्कशॉप में ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम होता है। परिसर में तेल के सैकड़ों ड्रम रखे हुए हैं।आशंका है कि अचानक तेल में आग लगने से हादसा भयावह रूप ले लिया।वर्कशॉप में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध थे, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसी को अंदर जाने का मौका नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन हो सकेगा। वहीं, सीओ राहुल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। काफी हद तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, चार से पांच दमकल गाड़ियों का पानी खत्म हो चुका है, जबकि अतिरिक्त दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच रहे हैं। स्थानीय समाजसेवी इम्तियाज नसर ने कहा कि पेट्रोल पंप और घनी आबादी के इतने करीब इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। फिलहाल दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह