बक्सर में मारवाड़ी महिला समिति की दो दिवसीय सावन प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

 


बक्सर, 20 जुलाई (हि.स.)।

मारवाड़ी महिला समिति, बक्सर के तत्वावधान में दो दिवसीय सावन प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं को उनके हुनर, हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद, परिधान, आभूषण एवं अन्य रचनात्मक वस्तुओं को प्रदर्शित करने और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने का अवसर प्रदान करना था।

प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पूरे परिसर को सावन की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिसने आगंतुकों का मन मोह लिया। विभिन्न स्टॉलों पर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, सजावटी सामग्री, खाद्य पदार्थ, राखियां, परिधान और अन्य वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी।

समिति की पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं तथा उनके हुनर को पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया और सावन के लोकगीतों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

प्रदर्शनी में शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के सफल संचालन में समिति की सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में आगंतुकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra