19 वर्ष की उम्र में देश के लिए शहीद हुए उमाकांत सिंह, शहादत दिवस पर किया याद

 


सीवान, 11 अगस्त (हि.स.)। सीवान जिले के जीरादेई प्रखंड क्षेत्र के नरेंद्रपुर गांव में मंगलवार को अमर शहीद उमाकांत प्रसाद सिंह का शहादत दिवस श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। इसके बाद उनके व्यक्तित्व और देश की आजादी में योगदान पर परिचर्चा हुई। राष्ट्रगान के बाद दो मिनट का मौन रखकर शहीद उमाकांत सिंह को याद किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक भीष्म प्रताप सिंह कुशवाहा ने कहा कि शहीद उमाकांत बाबू युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जीरादेई क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने अनुदानित विद्यालयों की मांग को भी सदन में रखने का आश्वासन दिया।

बीडीओ धीरज कुमार दुबे ने कहा कि जीरादेई के समेकित विकास के लिए प्रखंड कार्यालय लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से पूरे क्षेत्र में तिरंगे का वितरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने नरेंद्रपुर से जीरादेई, मौलाना मजहरुल हक की कर्मस्थली फरीदपुर होते हुए पटना तक शहीद सर्किट बनाने की मांग की। उन्होंने प्रखंड मुख्यालय में जीरादेई के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं स्थापित करने की भी मांग रखी।

शहीद उमाकांत सिंह के पौत्र समाजसेवी सुद्दू सिंह ने कहा कि उनके बाबा ने महज 19 वर्ष की उम्र में देश की आजादी के लिए बलिदान दिया था। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी शहादत आज भी युवाओं को देशसेवा की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में शहीद उमाकांत सिंह उच्च विद्यालय, नरेंद्रपुर के शिक्षकों और छात्रों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

नरेंद्रपुर और जामापुर के मुखिया के सौजन्य से अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर जदयू नेता मोहन राजभर, मुखिया अमरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, अक्षय लाल साह, कृष्ण पासवान, शिब्बू कुमार, पूर्व मुखिया संजीव कुमार उर्फ मुन्ना सिंह, प्रधानाचार्य धनंजय श्रीवास्तव, रामेश्वर सिंह, प्रो. नरोत्तम मिश्रा, विकास सिंह, शंभू उपाध्याय, इजरायल अंसारी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma