प्रेम विवाह के 24 घंटे बाद नवविवाहिता की मौत
पूर्णिया, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रेम विवाह के महज 24 घंटे बाद एक नवविवाहिता की अचानक मौत से सनसनी फैल गई। अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक और युवती ने एक दिन पूर्व पूर्णिया सिटी स्थित काली मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शादी के अगले ही दिन मंदिर में पूजा के दौरान युवती की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
युवक के अनुसार, दोनों के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वे पड़ोसी थे। सोमवार को दोनों घर से निकलकर पूर्णिया पहुंचे और सिटी काली मंदिर में विवाह किया। मंगलवार को नवविवाहित जोड़ा पूजा-अर्चना के लिए दोबारा मंदिर पहुंचा था।
पति ने बताया कि मंदिर में अचानक उसकी पत्नी ने सिर में तेज दर्द होने की शिकायत की। इसके कुछ ही देर बाद वह मंदिर की सीढ़ियों पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नवविवाहिता की अचानक मौत के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। चिकित्सकीय रूप से मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकता था। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवती के एक परिजन जीएमसीएच पहुंचे और पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई। बताया गया कि परिजन ने जीएमसीएच टीओपी पुलिस को इस संबंध में लिखित आवेदन भी दिया है।
प्रेम विवाह के अगले ही दिन हुई इस घटना से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह