मरौना में प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा

 


सुपौल, 28 जुलाई (हि.स.)। मरौना प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर आज बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रचना भारतीय ने की। बैठक में बिजली विभाग के कनीय अभियंता, विभागीय कर्मियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने, लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने तथा सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना में तेजी लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना की जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकें। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

बैठक में कनीय अभियंता ने योजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त आवेदनों का सत्यापन और तकनीकी प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र लाभुकों के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।बैठक में विभिन्न पंचायतों में योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा कार्य में तेजी लाने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र