20 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
कटिहार, 10 मई (हि.स.)। नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए कुरसेला पुलिस ने एक कार से लगभग 20 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने महिला समेत दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितो मे छोटू मंडल और रेखा देवी, पति अशोक मंडल के है। दोनों आरोपित नवाबगंज से चारपहिया वाहन में गांजा छिपाकर नवगछिया ले जा रहे थे।
कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन नवाबगंज की ओर से आ रहा है। सूचना मिलते ही एसआई अमित कुमार, एएसआई रीना कुमारी समेत पुलिस टीम के साथ तत्काल नाकेबंदी की गई।
कुरसेला चेक पोस्ट के पास संदिग्ध वाहन दिखते ही पुलिस ने उसे घेरकर रोका। वाहन की सघन तलाशी के दौरान डिक्की में बने तहखाने से प्लास्टिक के 10 पैकेट बरामद हुए। हर पैकेट में लगभग 2 किलो गांजा था। कुल वजन करीब 20 किलो निकला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गांजा तस्करी की बात कबूल की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और नवगछिया में किसे डिलीवरी दी जानी थी। दोनों के मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कुरसेला थाना कांड संख्या 89/26 के तहत नडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) और 25 में मामला दर्ज किया गया है। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। रविवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया।
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। एसपी कटिहार ने टीम को इस सफलता के लिए शाबाशी दी है और जिले में नशे के खिलाफ अभियान और तेज करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह