मरौना में स्कूलों के निरीक्षण में कम मिली छात्रों की उपस्थिति, बीडीओ ने दिए सुधार के निर्देश
सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के मरौना प्रखंड में बुधवार को बीडीओ रचना भारती ने एनपीएस तुलसियाही, अनुसूचित जाति टोला और मध्य विद्यालय घोघरड़िया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 50 प्रतिशत से भी कम पाई गई। कई शिक्षक परीक्षा ड्यूटी में रहने के कारण विद्यालय में उनकी संख्या भी कम थी।
बीडीओ ने उपस्थित छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी शिक्षकों को नियमित रूप से पाठ योजना तैयार कर उसके अनुसार पढ़ाने तथा शिक्षण पद्धति में सुधार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, सही-गलत की समझ और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है। शिक्षकों को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बीडीओ ने छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को बेहतर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की बुनियाद है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र