मरोना में आग लगने से दो आवासीय घर और मवेशी घर जलकर राख, पीड़ित परिवारों के सामने संकट

 


सुपौल, 14 अगस्त (हि.स.)। मरोना अंचल क्षेत्र के गनेरा वार्ड 14 में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लगने से दो आवासीय घर और एक मवेशी घर जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में युनूस और इनातुल्ला के घरों में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की समस्या उत्पन्न हो गई है।घटना की सूचना मिलने के बाद मुखिया जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और अग्निपीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के साथ संबंधित अधिकारियों को घटना की सूचना दी। मुखिया ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

मरोना के अंचलाधिकारी अभिजीत ने बताया कि उन्हें एक घर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।अगलगी में घर और सामान जलने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने तत्काल रहने तथा आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था करने की चुनौती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र